लॉकडाउन: तब्लीगी जमात के 35 लोग उर्सला, हैलट में क्वारंटीन, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन औलिया मरकज के मामले के बाद अब शहर में तब्लीगी जमात से जुड़े 35 लोगों को पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उर्सला तथा हैलट के क्वारंटीन वार्ड में भर्ती कराया है। जिसके बाद अस्पतालों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।


इनमें अफगानिस्तान से आई जमात के लोग भी शामिल हैं। इस जमात में ब्रिटेन का एक और ईरान के भी दो लोग हैं। मंगलवार रात तब्लीगी जमात के इन लोगों को क्वारंटीन में रखने के बाद जांच कराई गई। संदिग्ध पाए जाने पर इनका सैंपल केजीएमयू लखनऊ जांच के लिए भेजा जाएगा।


दिल्ली के मरकज कार्यक्रम से जुड़े 24 लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद शहर में भी ऐसे लोगों की तलाश शुरू हो गई थी, जो कार्यक्रम में गए थे। इस संबंध में प्रशासन को शासन से भी सख्त निर्देश मिले। शहर काजियों ने भी अपने स्तर से पता लगाना शुरू कर दिया।

इसी बीच कैंट के पांच लोगों के दिल्ली के मरकज से लौटने की जानकारी हुई। इस पर एहतियातन स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने इन्हें और इनके संपर्क के चार लोगों को उर्सला के क्वारंटीन वार्ड में भर्ती करवा दिया। इनमें कुछ बाबूपुरवा के रहने वाले हैं।

इसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम अफगानिस्तान की तब्लीगी जमात के 11 लोगों को भी हैलट ले आई। इन्हें 100 बेड मैटरनिटी के क्वारंटीन वार्ड में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम ने इनकी जांच की है। इन लोगों से दिल्ली के मरकज के संबंध में भी पूछताछ की जाती रही।